केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 31 मार्च को हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में महाराजा अग्रसेन की मूर्ति के अनावरण करने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों में तालमेल के अभाव के कारण केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया था। केंद्रीय मंत्रालय के इस पर आपत्ति जताने के बाद हरियाणा के राज्यपाल ने इसकी जांच के लिए समिति का गठन किया था। राज्य विधि आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश एचएस भल्ला की अध्यक्षता में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विजयेंद्र कुमार और एडीजीपी कानून व्यवस्था आईपीएस संजय कुमार को सदस्य बनाया गया था।
कमेटी ने जांच दौरान हिसार के उपायुक्त आईएएस अधिकारी अनीश यादव और पुलिस अधीक्षक आईपीएस शशांक सावन को भी जांच में शामिल किया। दोनों अधिकारियों के बयान भी कमेटी ने दर्ज किए हैं। कमेटी सूत्रों के मुताबिक इस मामले की पहले हिसार के जिला उपायुक्त अनीश यादव और पुलिस अधीक्षक शशांक सावन ने अपने स्तर पर जांच की थी। इस जांच रिपोर्ट का भी कमेटी ने अवलोकन किया।
कमेटी ने गहनता से जांच करने के बाद सरकार को रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें चूक और उसके मुख्य कारण को स्पष्ट किया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई सरकार के स्तर पर होगी। - एचएस भल्ला, अध्यक्ष राज्य विधि आयोग हरियाणा