29 सितंबर यानी कल ढिगावा कसबे में होने वाली जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश है और भारी जनसमूह सभा में उमडे़गा। यह बात लोहारू से भाजपा प्रत्याशी जेपी दलाल ने पत्रकार वार्ता में कही।
जेपी दलाल ने बताया कि हलके में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की यह पहली जनसभा होगी, जो ऐतिहासिक होगी। जनसभा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और हर गांव में उन्हें भारी जनसमर्थन मिल रहा है।
शनिवार को उन्होंने गांव शहरयारपुर, ढाणी गुजरान, सलेमपुर, ढाणी बहल, सुरपुरा कलां, सुरपुरा खूर्द, पातवान, सुधिवास, रामलीला मैदान बहल, ढाणी मिचु, बहल ढाणी आदि में जनसंपर्क अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि यह जनसभा हलके की दशा और दिशा तय करेगी और प्रदेश में सत्ता के बदलाव की बयार 29 सितम्बर को ढिगावा मंडी से शुरू हो जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कल ही टोहाना में भी एक रैली को संबोधित करेंगे। यह जानकारी भाजपा प्रत्याशी सुभाष बराला ने देते हुए लोगों से रैली में पहुंचने की अपील की।
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष विशेष रूप से चुनावी दौरों पर हैं और उसी के तहत टोहाना पहुंच रहे हैं।
बराला ने कहा कि हरियाणा दौरे के दौरान जब अमित शाह टोहाना आएंगे तो टोहाना में भाजपा को विशेष मजबूती मिलेगी।