राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को पार्टी कार्यालय में बैठक के दौरान सांसद, मेयर और पार्षदों से रिपोर्ट कार्ड लेंगे। वहीं भाजपा अध्यक्ष के जल्द बदलाव होने की संभावना है। पार्टी प्रभारी प्रभात झा का कहना है कि अध्यक्ष बदलना तय है। देशभर में ऐसा कोई प्रदेश अध्यक्ष नहीं है जिसे इतना लंबा कार्यकाल मिला है। टंडन 8 साल से अध्यक्ष हैं।
पिछले साल जनवरी में उनका दो कार्यकाल समाप्त हो गया है। अभी टंडन एक्सटेंशन पर हैं। प्रभात झा का कहना है कि कोई न कोई पार्टी का कार्यक्रम आ जाता है जिस कारण नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने माना कि टंडन का कद अब काफी बड़ा हो गया है। वह अध्यक्ष से हटने के बाद भी पार्टी के लिए अहम जिम्मेवारी से काम करते रहेंगे।
किसने की क्रॉस वोटिंग पता है : झा
वित्त एवं अनुबंध कमेटी के चुनाव में भाजपा पार्षद हीरा नेगी अपने ही पार्षदों की गुटबाजी के कारण हार गई थी। ऐसे में क्रॉस वोटिंग किसने की, इसका खुलासा नहीं हुआ है। झा का कहना है कि क्रास वोटिंग करने वालों का पता लग गया है। पार्टी की क्रॉस वोटिंग करने वालों पर नजर है। मालूम हो कि हीरा नेगी को जीतने के लिए छह वोट चाहिए थे, लेकिन चार वोट ही पड़े थे और कांग्रेस के पार्षद दवेंद्र सिंह बबला चुनाव जीत गए थे जबकि कांग्रेस के पास सिर्फ 4 ही वोट थे।