हरियाणा के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे अमित शाह ने दौरे के दूसरे दिन यानि वीरवार को एक प्रेस कांफ्रेस को संबोधित कर मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाई साथ ही कांग्रेस पर जमकर निशाने साधे। अमित शाह ने कहा कि ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा देने वाले बिल को राज्य सभा में पास ना होने देने से कांग्रेस की पिछड़ा विरोधी मानसिकता देश के सामने आ गयी है। शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अमित शाह ने कहा कि पूरे विश्व में पाकिस्तान को अलग-थलग करने का काम मोदी सरकार ने किया है। आतंकवाद के मुद्दे पर आज पूरा विश्व भारत के साथ है। काले धन पर बोलते हुए शाह ने कहा कि कालेधन पर श्रेणीबद्ध कठोर कार्यवाही और राजनीतिक फंडिंग में सुचिता लाने का काम भी नरेन्द्र मोदी सरकार ने किया है।
यूरिया को नीम कोटेड कर किसानों को सस्ते दामों पर यूरिया उपलब्ध कराने का काम मोदी सरकार ने किया है। देश में मोदी जी के नेतृत्व में एक निर्णायक सरकार कार्य कर रही है, भारत आज विश्व की सबसे तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना है। शाह ने कहा कि तीन वर्ष में विरोधी भी केंद्र की मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा पाएं है।