अमेरिकी महिला से दुष्कर्म के मामले में मंगलवार को जिला अदालत में वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए सुनवाई हुई। इस दौरान पीड़ित महिला के सामने आरोपी की शिनाख्त परेड कराई गई, लेकिन पीड़ित अमेरिकी महिला आरोपी को पहचानने में नाकाम रही। वह यह नहीं बता पाई कि उससे दुष्कर्म करने वाला आरोपी वही है या कोई और है।
इससे असमंजस की स्थिति बन गई है। हालांकि अदालत ने इस मामले की सुनवाई फिलहाल तीन जुलाई तक के लिए टाल दी है। यह मामला अप्रैल 2015 का है। 24 वर्षीय एक अमेरिकी महिला ने ई-मेल के जरिए आईजी को सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पीड़िता के मुताबिक, वह भारत घूमने आई थी। इस दौरान हरिद्वार और ऋषिकेश घूमने के बाद वह चंडीगढ़ घूमना चाहती थी। चंडीगढ़ पहुंचने के बाद उसे फ्रांस जाना था। उसकी यात्रा की अवधि खत्म होने में भी सिर्फ चार दिन ही बचे थे। 17 अप्रैल 2015 की रात को होटल जाने के लिए उसने सेक्टर-17 के बस स्टैंड से ऑटो लिया। ऑटो चालक बलदेव कुमार होटल में कमरा नहीं मिलने पर उसे अपने घर ले गया।