अभी कांग्रेस प्रत्याशी अंबिका सोनी को बुजुर्ग कहने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि शिअद के उम्मीदवार प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने बुधवार को फिर आग उगली। उन्होंने एक बयान जारी कर कहा कि अंबिका सोनी अपने मन से नहीं, बल्कि कांग्रेस प्रधान सोनिया गांधी के डर से चुनाव लड़ने के लिए आई हैं।
उन्होंने कहा कि मंहगाई, भ्रष्टाचार ने कांग्रेस को पूरी तरह हिलाकर रख दिया है। बड़े-बड़े नेता चुनाव लड़ने से डर रहे हैं। इसलिए कांग्रेस को मजबूरी में अंबिका सोनी जैसे ड्राइंग रूम नेताओं को चुनाव मैदान में उतारना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हलके के सूझबान लोग अपनी किस्मत की बागडोर किसी बाहरी उम्मीदवार को नहीं देंगे।
चंदूमाजरा ने कहा कि अंबिका सोनी कांग्रेस की इस हलके की पहली पसंद नहीं है। उनसे पहले चुनाव मैदान में उतारे गए रवनीत सिंह बिट्टूू के चुनाव मैदान छोड़ने के बाद कांग्रेस ने उन्हें साजिश के तहत मैदान में उतारा है। वहीं, उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह बड़े नेताओं को खत्म करने में लगे हुए हैं।