आजादी के जश्न को यादगार बनाने के लिए ट्राइसिटी के होनहार विद्यार्थियों से मंगवाई गई पेंटिंग पर जबरदस्त रिस्पांस देखने को मिला है। अमर उजाला कार्यालय में अब तक सैकड़ों की संख्या में पेंटिंग्स मिल चुकी हैं। विद्यार्थियों के उत्साह को देखते हुए पेंटिंग भेजने की अंतिम तारीख को एक दिन बढ़ाकर अब 13 अगस्त सोमवार शाम पांच बजे तक कर दिया गया है। अब विद्यार्थियों के पास दो दिन का और वक्त है। वे अपनी पेंटिंग सोमवार शाम तक भेज सकते हैं।
15 अगस्त के उपलक्ष्य में अमर उजाला ने उन विद्यार्थियों को सम्मानित करने का फैसला लिया है, जो अपनी पेंटिंग के जरिए आजादी का सबसे सटीक संदेश देंगे। पेंटिंग की थीम आजादी रखी गई है। विद्यार्थियों को पेंटिंग बनाकर अमर उजाला चंडीगढ़ के दफ्तर में भेजना होगा। प्रतियोगिता के लिए तीन वर्ग बनाए गए हैं। पहला वर्ग कक्षा एक से पांच, दूसरा वर्ग कक्षा छह से आठ और तीसरा वर्ग कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों का होगा।
सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग का चयन जजों के एक पैनल द्वारा किया जाएगा। पैनल में आर्ट्स के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। इसमें शामिल एक्सपर्ट्स की जानकारी सोमवार के अंक में प्रकाशित की जाएगी। विद्यार्थियों को पेंटिंग में अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर का साफ-साफ उल्लेख करना होगा। चयननित विद्यार्थियों की पेंटिंग 15 अगस्त के अंक में उनके नाम के साथ प्रकाशित की जाएगी। उसके बाद इन विद्यार्थियों को 23 अगस्त को पुरस्कार के साथ सम्मानित किया जाएगा। पेंटिंग भेजने का पता : अमर उजाला, एससीओ नंबर 34-37, सेकेंड फ्लोर सेक्टर नौ डी, मध्य मार्ग चंडीगढ़ है