चंडीगढ़। सेक्टर-26 के चंडीगढ़ कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (सीसीईटी) डिप्लोमा विंग में काम कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों ने कॉलेज पर वेतन और ईपीएफ में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। वॉयस फॉर फंडामेंटल राइट्स संगठन ने प्रशासन को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि यहां श्रम कानूनों और ईपीएफ नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
शिकायत के अनुसार कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा। अगस्त से सितंबर 2024 का वेतन भी नहीं मिला। साथ ही हर महीने 7 या 10 तारीख तक वेतन देने के नियम का भी पालन नहीं हो रहा है। पुराने ठेकेदार पर करीब 3600 रुपये ईपीएफ वापस न करने का आरोप है, जबकि नए ठेकेदार ने भी कर्मचारियों का ईपीएफ जमा नहीं किया।
नियमों के अनुसार इसकी जिम्मेदारी मुख्य नियोक्ता की भी होती है लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि बिना लिखित आदेश के एक कर्मचारी को हर शनिवार सुपरवाइजर बनाकर काम कराया जा रहा है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि इन सभी मामलों की तुरंत जांच कर कर्मचारियों को उनका हक दिलाया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी से राहत मिल सके।