चंडीगढ़। पीजीआईएमईआर कर्मचारी यूनियन के चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। यूनियन के एक सदस्य पंकज सच्चन (एमटीएस, सेनिटेशन) ने चुनाव अधिकारी मुकेश कुमार समेत पदाधिकारियों पर असंवैधानिक तरीके से कार्यकाल बढ़ाने का आरोप लगाया है।
सच्चन ने पीजीआई पुलिस पोस्ट, सेक्टर-12 में दी शिकायत में कहा है कि यूनियन ने 14 अगस्त को चुनाव की घोषणा कर मुख्य चुनाव अधिकारी व चुनाव समिति का गठन कर दिया था। इसके साथ ही मौजूदा कार्यकारिणी स्वतः भंग हो चुकी थी। बावजूद इसके 12 सितंबर को नोटिस जारी कर 15 सितंबर को सामान्य निकाय बैठक (जीबीएम) बुला ली गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि चुनाव कराए बिना ही 19 सितंबर को चुनाव समिति ने नोटिस जारी कर मौजूदा अध्यक्ष को ही 2025-27 के लिए अध्यक्ष घोषित कर दिया। यह निर्णय 17 सितंबर को कुछ सदस्यों द्वारा दिए गए कथित प्रस्ताव/पत्र के आधार पर लिया गया, जो पूरी तरह गैरकानूनी और यूनियन संविधान व ट्रेड यूनियन एक्ट, 1926 के विरुद्ध है।
सच्चन ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है ताकि संस्थान का माहौल बिगड़े नहीं और यूनियन की लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुरक्षित रह सके।