चंडीगढ़। पिछले 8 महीने से बंद पड़ा ऑल वेदर स्वीमिंग पूल चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइंस के तहत एक जनवरी से खुलने जा रहा है। फिलहाल, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी ही यहां पर अभी अभ्यास कर सकेंगे। यूटी खेल विभाग का सेक्टर-23 स्थित ऑल वेदर स्वीमिंग पूल मेंटीनेंस और कोरोना के चलते बंद पड़ा था। इसके खुलने के बाद राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए खेल विभाग के पास कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट जमा करवानी होगी। इसके अलावा संबंधित कोच को भी इसकी जानकारी देनी होगी।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स सेक्टर-34, 38, 45, 50, 55, 39, लेक क्लब, मनीमाजरा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के साथ सेक्टर-23 में दो स्वीमिंग पूल हैं। इनमें सेक्टर-23 में एक ऑल वेदर स्वीमिंग पूल है, जोकि साल में दो सीजन खुला रहता है। पहला सीजन अप्रैल से अक्तूबर तक और दूसरा नवंबर से मार्च तक होता है। इस बार कोरोना और मेंटीनेंस के चलते तय समय से दो महीने बाद ऑल वेदर स्वीमिंग पूल शुरू हो रहा है। बता दें कि पहला सीजन पूरा कोरोना की भेट चढ़ चुका है। गर्मियों में जहां सेक्टर-34, 38, 45, 50, 55, 39, लेक क्लब, मनीमाजरा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के साथ सेक्टर-23 के स्वीमिंग पूल गुलजार रहते थे, अभी उन पर ताला लटक रहा है।
खिलाड़ियों के लिए दिशा-निर्देश
1. ऑल वेदर स्वीमिंग पूल में अभ्यास के लिए कोविड टेस्ट की रिपोर्ट देनी होगी।
2. खिलाड़ियों का हर हफ्ते कोविड टेस्ट किया जाएगा।
3. पूल की शुरूआत से दो दिन पहले परिसर सैनिटाइज किया जाएगा।
4. गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद स्वीमिंग पूल में मिलेगी एंट्री।
5. पांच-पांच खिलाड़ियों के समूह को अभ्यास करने की अनुमति मिलेगी।
6. एक समय में एक ही खिलाड़ी शॉवर ले सकेगा। कोई एक-दूसरे का टॉवल इस्तेमाल नहीं करेगा।