जीएमएसएसएस कैंबवाला के स्कूल में 12वीं में 134 में से 35 के करीब विद्यार्थी और दसवीं में 70 में से 16 के करीब विद्यार्थी आ रहे हैं। वहीं 12वीं में 70 प्रतिशत और दसवीं में 60 प्रतिशत अभिभावकों ने स्कूल भेजने के लिए हामी भरी है। जीएमएसएसएस धनास में 12वीं आर्ट्स में 50 विद्यार्थी और दसवीं में लगभग 30 विद्यार्थी स्कूल आ रहे हैं। 11वीं की शुरुआती कक्षाओं में भी 24 के करीब विद्यार्थी स्कूल पहुंच रहे हैं। शहर के अन्य ग्रामीण स्कूलों में भी विद्यार्थियों की स्कूलों में उपस्थिति का अनुपात लगभग यही है।
शहर के मुख्य सेक्टरों और प्राइवेट स्कूलों में न के बराबर विद्यार्थी आ रहे स्कूल
जीजीएमएसएसएस-18 में 9वीं से बारहवीं तक कुल 10 से 15 विद्यार्थी स्कूल आ रहे हैं। वहीं नौंवी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को स्कूल भेजने के लिए भी 17 प्रतिशत अभिभावकों ने ही हामी भरी थी। जीएमएसएसएस-20 डी और जीएमएसएसएस-22 में भी 4 से 10 विद्यार्थी ही स्कूल पहुंच रहे हैं।
भवन विद्यालय सेक्टर-27 में कोई भी विद्यार्थी स्कूल नहीं आ रहा है जबकि 9 प्रतिशत अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए हामी भरी थी। सेंट जोंस-26 में भी कोई विद्यार्थी स्कूल नहीं आ रहा है। यहां 10 प्रतिशत से भी कम अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अनुमति दी थी। सेंट स्टीफन-45 में पिछले एक हफ्ते में नौवीं और दसवीं में कुल 7 से 10 विद्यार्थी ही स्कूल आए हैं। कुल 5 प्रतिशत अभिभावकों ने ही बच्चों को स्कूल भेजने के लिए हामी भरी है।
स्कूल खोलने को लेकर निजी स्कूलों का पक्ष
सेंट स्टीफन-45 के प्राचार्य लुइस लोपेज ने बताया कि अगर प्रशासन स्कूल खोलने के लिए बोलता है तो स्कूल तैयार हैं, लेकिन अभिभावक राजी नहीं हैं। हम एक दिन में 33 प्रतिशत विद्यार्थियों की रेगुलर कक्षा सामाजिक दूरी के साथ लगवा सकते हैं। वहीं हमने अप्रैल तक के सिलेबस के ऑनलाइन शिक्षण की भी तैयारी कर ली है।
भवन विद्यालय-27 की प्राचार्य विनीता अरोड़ा ने बताया कि सभी विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षण ले रहे हैं। हमारे स्कूल में ऑनलाइन शिक्षण को लेकर विद्यार्थियों की तरफ से कोई शिकायत नहीं आई है। अभिभावक बच्चों को स्कूलों भेजने के लिए तैयार नहीं हैं। सेंट जोंस-26 की प्राचार्य कविता दास ने बताया कि सभी विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षण ले रहे हैं। वे केवल प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए ही स्कूल आ रहे हैं। हमने पूरा सिलेबस भी ऑनलाइन शिक्षण के हिसाब से तैयार कर लिया है।