पंजाब में गैंगस्टरों और कुख्यात अपराधियों से सख्ती से निपटने के लिए पकोका कानून इसी माह से प्रभावी हो सकती है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ब्रह्म मोहिंदरा के नेतृत्व वाली कैबिनेट सब-कमेटी को पकोका (पंजाब कंट्रोल आफ ऑरगेनाइजड क्राइम एक्ट) कानून का मसौदा जल्दी तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह नया कानून लागू होने के बाद राज्य पुलिस को सूबे में गैंगस्टरों और कुख्यात अपराधियों से सख्ती से निपटने का अधिकार मिल जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कैबिनेट सब कमेटी को उक्त निर्देश बुधवार शाम सूबे की कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए बुलाई गई बैठक में जारी किए। मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान ही यह भी संकेत दिए कि पकोका कानून इस माह के आखिर में पेश किया जा सकता है। इस उच्चस्तरीय बैठक में कैबिनेट मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, नवजोत सिंह सिद्धू, तृप्त बाजवा के अलावा सीएमओ के आला अधिकारी और राज्य पुलिस के डीजीपी समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विंग संभाल रहे पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे।