रामनवमी के उपलक्ष्य में साईं बाबा की पालकी यात्रा 22 मार्च को सुबह 7.00 बजे निकाली जाने वाली थी। यह पालकी यात्रा चंडीगढ़ और मोहाली के 56 भक्तों के घर जानी थी। इस पालकी यात्रा के लिए 5 मार्च को साईं मंदिर में ड्रॉ निकाला गया था।
साईं बाबा की पालकी अपने घरों में बुलाने के लिए चंडीगढ़ और मोहाली के 545 भक्तों ने नाम दिया था। चंडीगढ़ से 500 और मोहाली से 45 भक्तों ने अपने नाम दिए थे। ड्रॉ के बाद चंडीगढ़ में 39 भक्तों और मोहाली में 17 भक्तों के घरों में बाबा की पालकी जानी थी। अब इसे रद्द कर दिया गया है।
रथयात्रा और धर्म सम्मेलन रद्द
सेक्टर 20 के श्री चैतन्य गौड़ीय मठ के प्रवक्ता जेपी गुप्ता ने बताया कि रामनवमी पर मठ में आयोजित होने वाला 50वां धर्म सम्मेलन और रामनवमी उत्सव कोरोना के कारण रद्द कर दिया गया है। यह कार्यक्रम 27 मार्च से 3 अप्रैल तक चलना था। 29 मार्च से 2 अप्रैल तक धर्म सम्मेलन होना था। 3 अप्रैल को भव्य रथयात्रा का आयोजन होना था। इस रथयात्रा में देश-विदेश से कई संत महात्माओं को आना था। इस संबंध में सभी संबंधित लोगों को सूचित कर दिया गया है।