चंडीगढ़। सेक्टर 40 की बागवानी बूथ पर सोमवार को सीएमसी हॉर्टिकल्चर वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर एक गेट मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग में निर्णय लिया गया कि 12 नवंबर को प्रस्तावित धरने में सभी कर्मचारी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। इस दौरान कर्मचारियों से धरने में शामिल होने की अपील की गई।
गेट मीटिंग को फेडरेशन ऑफ यूटी इंप्लॉइज एंड वर्कर्स के महासचिव एवं यूनियन के प्रधान हरकेश चंद, साथ ही यूनियन के महासचिव एमएम सुब्रह्मण्यम ने संबोधित किया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रशासन और नगर निगम कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करें। पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाए, 10 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके सभी अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी किया जाए, और स्थायी होने तक सभी अस्थायी कर्मचारियों को ''''समान काम, समान वेतन'''' के दायरे में लाया जाए। इसके अलावा, नियमों में संशोधन कर रिक्त पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने, आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन देने, और दीपावली से पहले बोनस व महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान करने की मांग भी उठाई गई।