चंडीगढ़ प्लाजा में अली ब्रदर्स देंगे परफॉर्मेंस
अगर आप एमी विर्क, अली बदर्स और जेनी जोहल को सुनना चाहते हैं तो सेक्टर 17 प्लाजा में 27 सितंबर को पहुंचें। टूरिज्म डे समारोह के दौरान ये तीनों अपनी प्रस्तुति देंगे।
सेक्टर-17 प्लाजा में शाम 6.30 बजे म्यूजिकल ईवनिंग की खास शुरुआत होगी। इस प्रस्तुति के साथ ही टूरिज्म डे समारोह का समापन भी हो जाएगा। इससे पहले सुप्रभात मॉर्निंग रागा से 25 सितंबर को वर्ल्ड टूरिज्म डे समारोह की शुरुआत होगी।
इंडियन क्लासिकल और फ्यूजन म्यूजिक की यह प्रस्तुति सुबह 6 बजे सुखना लेक पर गृह कम पर्यटन सचिव अनुराग अग्रवाल की उपस्थिति में आयोजित होगी। गृह सचिव कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचेंगे।
इसके बाद गवर्नमेंट आर्ट एंड म्यूजियम गैलरी में सुबह 10 बजे हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम होगा। सुबह 11 बजे ओपन हैंड मॉन्यूमेंट से प्रशासक वीपी सिंह बदनौर विंटेज कार और हार्ले बाइक रैली को रवाना करेंगे।
इसी समारोह के दौरान 26 सितंबर को सेक्टर-17 प्लाजा में शाम 6.30 बजे असम, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, सिक्किम और कई अन्य प्रदेशों का सांस्कृतिक संगीत और नृत्य देखने को मिलेगा। 27 सितंबर को एडवाइजर परिमल राय सुखना लेक से रन फॉर टूरिज्म फॉर ऑल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।