पठानकोट के माधोपुर के पास गांव थरियाल में घर में घुसकर परिवार पर हमला कर लूट करने मामले में एडीजीपी कानून-व्यवस्था ने आदेश जारी कर सूबे के पांच जिलों के एसएसपी को अलर्ट रहने को कहा है। आदेश में पठानकोट, एसएएस नगर, होशियारपुर, गुरदासपुर और रूपनगर के एसएसपी को एडीजीपी ने कहा कि पठानकोट के गांव थरियाल में एक वारदात हुई। जिसमें अज्ञात लोगों के समूह ने परिवार पर हमला कर लूटपाट की। इसमें एक व्यक्ति की हत्या की गई और चार लोग घायल हैं। घायलों में दो की हालत गंभीर है।
उन्होंने कहा कि यह ‘काला कच्छा गैंग’ का काम हो सकता है। इससे पहले हिमाचल में ऐसी वारदात हो चुकीं हैं। इस कारण हिमाचल के साथ लगते इलाकों में सतर्कता बरतनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन जिलों के एसएसपी अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में हिमाचल के साथ लगते इंटर स्टेट नाकों पर मोबाइल पेट्रोलिंग और पैदल पेट्रोलिंग बढ़ा दें, ताकि, ऐसी वारदात न हों।