पंजाब में अभी दो दिन और बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए दोआबा, माझा और पश्चिमी मालवा के 13 जिलों को लेकर भारी बारिश की चेतावनी दी है। अत्यधिक बारिश की संभावनाओं को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के कारण दिन के अधिकतम तापमान में भी काफी गिरावट आई है।
राज्य के सभी जिलों का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस ने नीचे पहुंच गया है। 22 जून से बारिश रुकेगी। मौसम विभाग के अनुसार माझा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन दोआबा के होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर और पश्चिमी मालवा के फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और मोगा जिलों में भारी बारिश होगी।
बारिश के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार के साथ हवाएं भी चलेंगी। पश्चिमी मालवा के जिले बठिंडा और पूर्वी मालवा के जिलों में हालात सामान्य रहेंगे। इन जिलों में मध्यम से अत्यधिक बारिश होने की संभावना है। 21 जून से राज्य में बारिश का दौर थमेगा।
35 डिग्री के नीचे पहुंचा पारा
बारिश के कारण पंजाब में दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है। तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कपूरथला का अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री, गुरदासपुर का 33.5, पठानकोट का 33.2, अमृतसर का 32.1 और होशियारपुर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी अन्य जिलों का तापमान 30 और उससे भी कम रिकॉर्ड किया गया।
गुरदासपुर में 23 एमएम बारिश
गुरदासपुर में 24 घंटे के दौरान 23 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मोहाली में 1.5, जालंधर में 1.0, पठानकोट में 5.4 एमएम बारिश हुई। कुछ जिलों से बारिश का आंकड़ा नहीं मिल पाया है।