चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एलांते मॉल के फैशन स्टोर को कैरी बैग के रुपये चार्ज करना महंगा पड़ गया। उपभोक्ता फोरम ने अपने आदेशों में कहा कि ऐसी कंपनियों के देशभर में कई स्टोर हैं, जो कैरी बैग के रुपये वसूल कर बहुत पैसे कमा रहे हैं। इसके साथ ही फोरम ने स्टोर पर जुर्माना लगाते हुए कैरी बैग के चार्ज किए 5 रुपये भी वापस करने के आदेश दिए। मानसिक पीड़ा और उत्पीड़न झेलने के लिए 500 रुपये मुआवजा और 500 रुपये मुकदमा खर्च शिकायतकर्ता को देने के आदेश दिए।
चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-15डी निवासी नेहा ने इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एलांते मॉल के फैशन प्राइवेट लिमिटेड स्टोर के खिलाफ उपभोक्ता फोरम में शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया कि 20 मार्च 2019 को वह उक्त शोरूम में कुछ कपड़े खरीदने के लिए गईं। बिल पेमेंट करने के बाद जब उन्होंने बिल की कॉपी देखी तो उसमें 5 रुपये कैरी बैग के जोड़े गए थे। क्योंकि उनके पास कपड़े ले जाने का और कोई साधन नहीं था, इसलिए उन्हें जबरन कैरी बैग के 5 रुपये देने पड़े। इसके बाद उन्होंने स्टोर पर सेवा में कोताही बरतने का आरोप लगाते हुए उपभोक्ता फोरम में केस दायर किया।
स्टोर ने कहा- अब मुफ्त में दे रहे हैं कैरी बैग
फोरम ने स्टोर को नोटिस भेजा। कंपनी के रीजनल मैनेजर ने एक एफिडेविट देकर कहा कि पर्यावरण को देखते हुए स्टोर ने अथॉरिटी के गाइडलाइंस पर पेपर कैरी बैग की शुरुआत की है। उपभोक्ता फोरम द्वारा बाटा इंडिया के खिलाफ दिए गए आदेश को पढ़ने के बाद स्टोर ने मुफ्त में ग्राहकों को कैरी बैग देना शुरू कर दिया है, इसलिए उन्होंने सेवा में कोई कोताही नहीं बरती है।