अक्षय तृतीया नौ मई, सोमवार को है। सोमवार को सूर्योदय सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर हो रहा है। सूर्योदय मेष लग्न में, वृष राशि और मृगशिरा नक्षत्र में हो रहा है। यह कहना है सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर स्थित भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख बीरेंद्र नारायण मिश्र का।
बीरेंद्र नारायण मिश्र का कहना है कि तृतीया मई 2016 को शाम पांच बजकर 51 मिनट पर शुरू हो रहा है। जो कि सोमवार नौ मई को दोपहर बाद दो बजकर 52 मिनट पर समाप्त होगा। मिश्र का कहना है कि निर्णय सिंधु ग्रंथ में ऐसा वर्णन है कि उदयतिथि में अगर तृतीया हो तभी अक्षय तृतीया का पर्व मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि सिंह राशि में बृहस्पति है और मेष राशि का सूर्य है। ऐसा संयोग 12 वर्ष के बाद आया है।
खरीदारी का शुभ मुहूर्त
बीरेंद्र नारायण मिश्र के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन यानी सोमवार को अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 24 मिनट से दोपहर 12 बजकर 24 मिनट तक रहेगा। इसमें खरीदारी का बहुत ही शुभ मुहूर्त है।
क्या दान करें
सेक्टर-15 के जय श्री राम ज्योतिष केंद्र के प्रमुख स्वामी राम बहादुर मिश्र का कहना है कि जल से भरा कलश, पंखा, जूता, भूमि और गोदान का महत्व है। अक्षय तृतीया के दिन गंगा स्नान करना पुण्यकार्य माना गया है। जिसकी कुंडली में पितर दोष है, वे पितरों का पिंडदान, तर्पण कर सकते हैं।
इस दिन क्या खरीदें
सेक्टर-30 के शिव शक्ति मंदिर के मुख्य पुजारी श्याम सुंदर शास्त्री, देवालय पूजक परिषद के कोषाध्यक्ष और सेक्टर-18 के श्री राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी डॉ. लाल बहादुर दुबे के अनुसार अक्षय तृतीया के दिना सोना खरीदना, जमीन खरीदना, गृह प्रवेश, नया व्यापार करना, तीर्थयात्रा शुभ होती है।