प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : File Photo
पंजाब की सियासत में बड़ा उलटफेर करते हुए शिरोमणि अकाली दल के सिटिंग एमपी शेर सिंह घुबाया का परिवार कांग्रेस ज्वाइन करेगा। घुबाया के बेटे वरिंदर सिंह और पत्नी कृष्णा रानी मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस में शामिल हो जाएंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह प्रेस कांफ्रेंस में इसका औपचारिक एलान करेंगे।
फिरोजपुर से अकाली सांसद घुबाया पहले जलालाबाद से शिअद विधायक थे। बाद में उन्हें डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के लिए यह सीट छोड़ दी थी। बदले में सुखबीर ने उन्हें फिरोजपुर संसदीय सीट से लोकसभा पहुंचाया था, लेकिन पिछले कुछ समय से घुबाया की सुखबीर के साथ नहीं बन रही थी। वह अकाली दल से अपने बेटे के लिए टिकट भी मांग रहे थे, जिसे पार्टी नेतृत्व ने नकार दिया था। जिसके चलते उन्होंने अपने परिवार को कांग्रेस में शामिल कराने का फैसला किया।
वह मौजूदा सांसद हैं इसलिए अगर वह कांग्रेस में जाते हैं तो उनकी संसद सदस्यता चली जाएगी। इसलिए घुबाया फिलहाल अधिकारिक तौर पर शिअद में ही रहेंगे। कांग्रेस के गुरहरसहाय के विधायक राणा गुरमीत सोढी ने इस सियासी उलटफेर की पटकथा लिखी है। क्योंकि इससे गुरहरसहाय, जलालाबाद और फाजिल्का हलकों में सियासी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं।