सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा इतिहास की विवादित किताब पर रोक के बावजूद शिरोमणि अकाली दल इसे मुद्दा बनाएगा। किताब में गुरु साहिबान को लेकर अपमानजनक गलतियों के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तक आंदोलन चलेगा। पार्टी ने फिलहाल 48 घंटे के धरने का एलान किया है। गुरुवार को श्री अकाल तख्त साहिब पर अरदास के बाद प्लाजा में शिअद का धरना शुरू होगा।
पहले 24 घंटे शिअद प्रधान सुखबीर बादल पार्टी नेताओं के साथ धरने पर बैठेंगे। अगले 24 घंटे तक धरने की अगुवाई शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान गोबिंद सिंह लोंगोवाल करेंगे। तीन नवंबर को पार्टी सिख कत्लेआम को लेकर जंतर मंतर पर रोष प्रदर्शन करेगी। जिसमें दिल्ली सिख गुरद्वारा मैनेजमेंट कमेटी और वहां की पार्टी इकाई भी शामिल होंगे। उसके बाद किताबों के मुद्दे पर आंदोलन के अगले चरण का एलान किया जाएगा।