रैली में कैप्टन अमरिंदर सिंह के नशा खत्म करने के संकल्प की शिअद के प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कैप्टन इस मुद्दे पर न केवल जनता को गुमराह कर रहे है, बल्कि हाथ में गुटका साहिब पकड़ कर झूठ बोल रहे हैं।
डॉ. चीमा पीएयू में शुरू हुई 68वीं नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि मेडिकल स्तर पर भी नशा छुड़ाने में समय लगता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने न केवल नशे की सप्लाई रुकवाई, बल्कि नशा पीड़ितों के इलाज व पुनर्वास के लिए कदम उठाए है।
अबोहर कांड पर केंद्रीय मंत्री विजय सांपला के पंजाब सरकार से अलग बयान पर डॉ. चीमा ने कहा कि मीडिया इसे अलग रंग दे रहा है। अबोहर प्रकरण गैंगवार का ही नतीजा ह। इसके पीछे एक ही समुदाय के शिकार होने की बातें जानबूझ कर फैलाई जा रही हैं।
बापू सूरत सिंह खालसा से फिर से भेंट के बारे में उन्होंने कहा कि राज्य में शांति एवं सद्भाव बनाएं रखने के तहत पंजाब सरकार अपनी जिम्मेदारी समझते हुए उनसे भेंट कर रही है। संसदीय सचिव नवजोत कौर सिद्धू के अगला चुनाव शिअद से नाता तोड़कर लड़ने के बयान पर शिअद प्रवक्ता ने कहा कि यह भाजपा का अंदरूनी मामला है, वह इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे।