मान ने बताया कि इसके तहत पार्टी केजरीवाल के विकास माडल को पंजाब के घर-घर पहुंचाया जाएगा। साथ ही लोगों से काम की राजनीति से जुड़ने का आह्वान किया जाएगा ताकि दिल्ली की तरह पूरे पंजाब में आम जनता के सरोकार से जुड़े मसलों पर राजनीति हो सके। इस अभियान के तहत लोगों के सामने दिल्ली के माडल और पंजाब के माडल की तुलना भी रखी जाएगी।
इससे उन्हें पता चल सकेगा कि दिल्ली में काम की राजनीति ने जनता के जीवन में किस तरह का बदलाव किया है। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने 11 फरवरी को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार की जबर्दस्त वापसी के बाद राष्ट्र निर्माण अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर लांच किया था। इसके तहत मोबाइल नंबर 9871010101 जारी किया गया। आप की ओर से दिल्ली में किए गए काम की राजनीति को लोगों ने हाथों-हाथ लिया। आलम यह रहा कि 24 घंटे में ही इस नंबर पर 11 लाख लोग मिस्ड कॉल कर राष्ट्र निर्माण अभियान से जुड़ गए।
पार्टी ने जारी किया पोस्टर
इस मौके पार्टी ने एक पोस्टर जारी किया, जिस पर 9871010101 मोबाइल नंबर है। प्रत्येक विधानसभा हलके में हजारों ऐसे पोस्टर लगेंगे, ताकि यह मोबाइल नंबर नीचे के स्तर के लोगों तक पहुंच सके। इसके अलावा आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट चार-पांच प्रमुख शहरों में राष्ट्र निर्माण कैंपेन के संबंध में प्रेसवार्ता के माध्यम से लोगों को बताएगी, साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।