अमृतसर। श्री अकाल तख्त साहिब ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े वायरल वीडियो क्लिप की जांच शुरू करवा दी है। यह वीडियो कथित तौर पर गुरु साहिबान और संत जरनैल सिंह भिंडरांवाला की तस्वीरों से संबंधित है। तख्त साहिब के सचिवालय सूत्रों ने बताया कि जांच के लिए इसे तीन अलग-अलग फोरेंसिक लैब्स में भेजा जाएगा ताकि किसी भी तरह के संदेह या विवाद की गुंजाइश न रहे।
वीडियो की तकनीकी पड़ताल से यह पता लगाया जाएगा कि यह असली है या किसी तरह से एडिट, छेड़छाड़ की गई है। तख्त साहिब ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और वैज्ञानिक आधार पर कराने का निर्णय लिया है। 15 जनवरी को मुख्यमंत्री भगवंत मान जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के समक्ष पेश हुए थे और वीडियो को फर्जी करार दिया था। मुख्यमंत्री ने जांच की पेशकश भी की थी ताकि सच्चाई सामने आ सके।
जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट और मुख्यमंत्री के स्पष्टीकरण के आधार पर पांच तख्तों के सिंह साहिबानों की बैठक बुलाकर अगला कदम तय किया जाएगा। संगत की निगाहें अब जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो मामले की धार्मिक और राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए निर्णायक साबित होगी। संवाद