ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) द्वारा बनाए जा रहे 200 फुट चौड़े एयरपोर्ट रोड के दोनों तरफ जल्दी ही होटल एवं मॉल दिखेंगे। इसके अलावा कई संस्थान स्थापित होंगे।
गमाडा इस सपने को साकार करने में पूरी तैयारी से जुट गया है। इसी कड़ी में सेक्टर-66-66ए से एनएच-64 तक के रोड के दोनों साइड जमीन एक्वायर करने की नोटिफिकेशन जारी की गई है।
किसानों को जमीन एक्वायर करने संबंधी धारा चार के नोटिस दिए गए हैं। साथ ही किसानों को तीस दिनों में इस संबंधी ऐतराज दर्ज करने की हिदायत दी गई है।
गमाडा से मिली जानकारी के मुताबिक इस दौरान एयरपोर्ट रोड के दोनों तरफ 30 मीटर बफर जोन व 300 मीटर मिक्स लैंड यूज के तहत जमीन एक्वायर की जा रही है।
गमाडा अधिकारियों के मुताबिक तीन गांव के लोगों को जमीन एक्वायर करने संबंधी नोटिस दिए गए है। इनमें गांव छत्त, नारायणगढ़ और किशनपुरा शामिल है।
गमाडा ने आगे की डेवलपमेंट के लिए सारा प्लान तैयार कर लिया है। उसी के मुताबिक सारी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा इलाके का मास्टर प्लान बना हुआ है। इस इलाके के विकसित होने से मोहाली ही नहीं बल्कि पूरे पंजाब को फायदा होगा।
चंडीगढ़ की दौड़ खत्म, सीधे पहुंचेंगे जीरकपुर
गमाडा द्वारा एयरपोर्ट रोड का काफी तेजी से किया जा रहा है। अगले साल जून तक रोड का काम खत्म हो जाएगा। इसके बाद एक तरफ जहां दिल्ली-अंबाला जाने वाले लोग चंडीगढ़ जाए बिना ही सीधे जीकरपुर पहुंचेंगे।
इसी तरह कुराली हिमाचल व पंजाब जाने वाले लोगों को बलौंगी के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। बल्कि लोग सीधे इस सड़क से खरड़ पहुंचेंगे। इससे लोगों के टाइम और पैसे दोनों की बचत होगी।
50 सालों को ध्यान में रखकर बनाई जा रही रोड
गमाडा द्वारा यह रोड अगले पचास सालों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही है। रोड को शहर से बिल्कुल बाहर से बनाया जा रहा है। इसके अलावा जितना रोड तैयार हो चुका है। उस हिस्से में हार्टिकल्चर संबंधी काम पूरे किए जा रहे हैं। एक प्राइवेट कंपनी को रोड की जिम्मेदारी दो साल के लिए दे दी गई है।