वहीं, शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में स्मॉग का असर रहा। पिछले पांच दिनों से धुंध और बादलों के चलते धूप खुलकर नहीं निकल रही है। ग्रुरुग्राम में सुबह आठ बजे दृश्यता महज 250 मीटर ही रह गई थी। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदूषण की वजह से आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही है।
आज राहत मिलने की उम्मीद
शनिवार को वायु प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद है। रोहतक सहित कुछ शहरों में शुक्रवार शाम तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को हरियाणा सहित दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है। अरब सागर में आए चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभ के चलते बूंदाबांदी के साथ ही सतह पर चलने वाली हवाओं की चाल तेज होगी और वायु प्रदूषण छंट सकता है।
इन शहरों में 500 रहा एक्यूआई
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार हरियाणा के 10 शहरों में दोपहर 12 बजे तक एक्यूआई 500 दर्ज किया गया। इन शहरों में बल्लभगढ़, भिवानी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, जींद, कैथल, मानेसर, पानीपत और सिरसा शामिल हैं।
मंद हवा और बारिश नहीं होने से बढ़ी समस्या
दिवाली के बाद भले ही पटाखे नहीं चले, लेकिन पराली जलना, फैक्ट्रियों व वाहनों का धुआं जैसी प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियां जारी हैं। दूसरी ओर तापमान कम होने और नमी बढ़ जाने से धूल, धुआं नमी के साथ मिलकर वातावरण में तैर रहे हैं। इससे स्मॉग की स्थिति भी बनी हुई है। जबकि सामान्य दिनों में धूल, धुआं वातावरण से बाहर चले जाते हैं।
- प्रो. नरसी बिश्नोई, डीन ऑफ रिसर्च, जीजेयू, हिसार और सदस्य, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड