भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान के खेत में गिरते ही जबरदस्त धमाका हुआ और आग लग गई। हादसा, हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के गांव दाऊमाजरा के निकटवर्ती गांव लंडी में गुरुवार को हुआ।
विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने ग्रामीण रिहायशी क्षेत्र को बचाते हुए पैराशूट से कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शी हरचरण सिंह निवासी लंडी ने बताया कि उन्होंने दोपहर लगभग सवा 1 बजे ने एक विमान को शाहाबाद से अंबाला की ओर जाते देखा। उस विमान से अचानक एक व्यक्ति पैराशूट से बाहर निकला और उसके निकलते ही विमान में आग लग गई। किसान के मुताबिक कुछ ही क्षण बाद ये विमान नीचे गिरा और ग्रामीण दलीप सिंह के गेहूं के खेत में जा धंसा।
उन्होंने बताया कि विमान के गिरने से जबरदस्त धमाका हुआ और चारों तरफ आग की लपटों के बीच मिट्टी भी बिखर गई। वहीं पायलट लगभग 500 मीटर दूर गांव लंडा के खेतों में सुरक्षित जा उतरा। वहां पर प्रत्यक्षदर्शी निशांत ने बताया कि पायलट विवेक चौधरी जख्मी हो चुके थे।
पायलट ने तत्काल दुर्घटना की सूचना अंबाला में वायु सेना के अधिकारियों को दी। उक्त हादसे के 20 मिनट के भीतर वायु सेना का हैलीकाप्टर घायल पायलट को इलाज के लिए अंबाला ले गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर अंबाला के पुलिस कमिश्नर ओपी सिंह, करनाल के आईजी हनीफ कुरैशी व वायु सेना के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्यों में जुट गए। धंसे विमान से रह-रहकर आग की लपटें निकल रही थी और हल्के-फुल्के धमाके भी होते रहे।
थोड़ी ही देर में विमान हादसे का समाचार पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गया और आस-पास के गावों के अलावा शाहाबाद शहर के लोग भी भारी संख्या में दुर्घटना स्थल पर इकट्ठा हो गए।