चंडीगढ़ और भुंतर हवाई अड्डा के बीच दो अप्रैल से शुरू हो रही एयर डेक्कन की चार्टर्ड विमान सेवा से पर्यटन कारोबार को उम्मीदों के पंख लग गए हैं।
एयर इंडिया की उड़ानें बंद होने के बाद से कुल्लू-मनाली के लिए हाई प्रोफाइल पर्यटकों की आमद न के बराबर रह गई थी, जिसका बुरा असर पर्यटन कारोबार पर पड़ा था। एयर डेक्कन का आठ सीटर विमान बंगलूरू से दिल्ली पहुंच गया, जहां से यह भुंतर एयरपोर्ट पर लैंड करेगा।
इस बीच, एयर डेक्कन स्टाफ ने भुंतर एयरपोर्ट पर कामकाज भी संभाल लिया है। यह विमान चंडीगढ़ और भुंतर के बीच हर रोज तीन उड़ाने भरेगा और इसका किराया करीब आठ हजार रुपये होगा।
समर सीजन के दौरान भुंतर एयरपोर्ट से उड़ान से कुल्लू-मनाली के 1200 होटलियरों, 2200 टैक्सी चालकों और इस कारोबार से जुड़े सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
हिमालयन बुल्स प्राइवेट लिमिटेड मनाली की ओर से शुरू की जा रही इस सेवा से कुल्लू-मनाली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने कहा कि निश्चित तौर से एयरक्राफ्ट से मनाली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
डेक्कन से छह माह का करार
भुंतर-चंडीगढ़ के बीच इस सेवा को लेकर कंपनी का एयर डेक्कन से छह माह का करार हुआ है। हिमालयन बुल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक बुद्धि प्रकाश ठाकुर तथा पंकज बख्शी ने कहा कि करार के तहत एयरक्राफ्ट छह माह तक सेवाएं देगा।
करीब आठ हजार होगा किराया
भुंतर-चंडीगढ़ के बीच होने वाली एयर डेक्कन के एयरक्राफ्ट का किराया करीब आठ हजार रुपये होगा। कंपनी के मुताबिक चार्टर्ड विमान सेवा को शुरू करने का मकसद घाटी के पर्यटन को बढ़ावा देना है।
दिन में तीन उड़ान भरेगा एयरक्राफ्ट
एक अप्रैल को चार्टर्ड विमान भुंतर पहुंचेगा। दो अप्रैल से नियमित सेवा शुरू होगी। समर सीजन के चलते एयरक्राप्ट भुंतर-चंडीगढ़ के बीच रोजाना तीन उड़ान भरेगा। बावजूद मांग अधिक रहने पर अतिरिक्त उड़ानें भी करवाई जाएंगी।
बुद्धि सिंह ठाकुर, निदेशक, बुल्स प्राइवेट लिमिटेड