हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान की ओर से दोपहर को जारी की गई प्रवक्ताओं की सूची पर शाम को एआईसीसी ने रोक लगा दी। सूची में अधिकतर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थकों के नाम शामिल होने के चलते विवाद खड़ा हो गया है। बताया जाता है कि हुड्डा विरोधी खेमे के नेताओं के समर्थकों को इसमें जगह नहीं दी गई इसलिए अब दोबारा से सूची जारी की जाएगी।
कांग्रेस हाईकमान की ओर से हाल ही में उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है और उनके साथ चार कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। उदयभान पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थक हैं और हुड्डा ने ही उनकी इस पद पर ताजपोशी कराई है। दोपहर को प्रदेशाध्यक्ष की ओर से विशेष, वरिष्ठ और राज्य प्रवक्ताओं की सूची जारी की गई।
नेशनल और स्पेशल कॉन्फ्रेंस के लिए 15 नेताओं की सूची जारी की थी। इनमें पूर्व सांसद जयप्रकाश, पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा, विधायक, पूर्व मंत्री कर्ण सिंह दलाल, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा समेत सात विधायक गीता भुक्कल, राव दान सिंह, भारत भूषण बतरा, अमित सिहाग, बलबीर वाल्मीकि, आफताब अहमद, वरुण मुलाना, पूर्व विधायक ललित नागर, रामनिवास घोड़ेला, संत कुमार और चक्रवर्ती शर्मा के नाम थे।
इसी प्रकार राज्य प्रवक्ता की सूची में तरुण तेवतिया, दिव्यांशु बुद्धिराजा, मनीषा सांगवान, रविंद्र ढुल, वेद प्रकाश विद्रोही, मनीष खटाना, जय पाल पांचाल, केसी भाटिया, राकेश गर्ग, कृष्ण यादव, सुमन शर्मा, जोगेंद्र मोर, रवि वासदेव, पवन जैन और रविंद्र रावल के नाम रहे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया हेड कोऑर्डिनेटर और प्रवक्ता केवल ढींगरा और चांदवीर हुड्डा पीसीसी के मीडिया इंचार्ज बनाए गए थे। सूची जारी होने के बाद से ही इस पर विवाद शुरू हो गया। हुड्डा विरोधी नेताओं ने इस मामले को हरियाणा प्रभारी विवेक बंसल के सामने रखा तो उन्होंने इस पर रोक लगा दी।
अनुमति लेकर दोबारा जारी की जाएगी सूची: उदयभान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदयभान का कहना है कि सभी से सलाह मशवरा करके ही सूची तैयारी की थी। जानकारी नहीं थी कि लिस्ट जारी होने के लिए एआईसीसी से अनुमति लेनी होती है। जल्द ही प्रवक्ता सूची को लेकर अनुमति ली जाएगी और दोबारा से लिस्ट जारी की जाएगी।