कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार 30 एकड़ में आयोजित समिट के लिए 15 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी, जबकि बाकी 15 एकड़ में पंडाल व अन्य हॉल तैयार किए जा रहे हैं। एग्री लीडरशिप समिट के लिए मंडी में सेमिनार हॉल, प्रदर्शनी हॉल, पशु प्रदर्शनी हॉल, उद्घाटन व सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए हॉल, वीआईपी मीटिंग हॉल, लंच एरिया, मीडिया सेंटर, पार्किंग व शौचालयों का निर्माण किया गया है। वहां वाहन जीटी रोड चौक से बेगा रोड होते हुए शाहपुर तगा रोड से मंडी में प्रवेश करेंगे।
वहां आने वाले किसानों के लिए निशुल्क खाने की व्यवस्था की गई है। उनके लिए जिले वार खाने की व्यवस्था का प्रबंध किया जाएगा। इसके लिए एक बड़े हॉल का निर्माण करवाया गया है। वहां लगने वाली पशु प्रदर्शनी के लिए दो हॉल का निर्माण किया गया है, जिसमें अलग-अलग स्टाल लगाए गए हैं। एग्री लीडरशिप समिट के उद्घाटन व समापन कार्यक्रम के लिए अलग से हॉल का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा वहां किसानों व प्रदर्शनी के लिए अलग से हॉल बनाए गए हैं, जिनको ए से लेकर एफ तक बांटा गया है। जिनमें एग्री लीडर्स पवेलियन, हॉर्ट एक्सपो पेरी अर्बन, अंतरराष्ट्रीय, प्रदेश स्तरीय पवेलियन, एग्री एक्सपो, पशु पालन व कृषि सेवा प्रसंस्करण एवं विपणन से संबंधित 384 स्टॉल लगाई जाएंगी।