सरबत दा भला ट्रस्ट के चेयरमैन एसपी ओबेरॉय
पाकिस्तानी युवक मोहम्मद इजाज के कत्ल में फांसी की सजा पाने के बाद से गत अक्तूबर से दुबई जेल में होशियारपुर के गांव हवेली के चंदर शेखर समेत 10 पंजाबी युवकों की रिहाई के लिए मृतक के परिजनों को ब्लड मनी दिए जाने को लेकर बात आगे तो बढ़ी हैं पर समझौता नहीं हुआ है।
फिलहाल मृतक के परिवार ने माफीनामा देने पर सहमति तो जता दी है। वह ब्लड मनी के तौर पर काफी ज्यादा पैसे की मांग कर रहे हैं। सरबत दा भला ट्रस्ट की ओर से दुबई कानून के अनुसार तय बनती ब्लड मनी के मुताबिक उन्हें 60 लाख रुपये ब्लड मनी के तौर पर देने की पेशकश की गई है।
दुबई से अमर उजाला को फोन पर यह जानकारी देते हुए सरबत दा भला ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी एसपीएस ओबरॉय ने बताया कि पहले मृतक का परिवार माफीनामा देने के लिए मान नहीं रहा था। अब ट्रस्ट की टीम के दो बार जाने के बाद वह अब माफीनामा देने के लिए मान गए हैं लेकिन पैसे का लेनदेन और बाकी सारे बातें बाद में तय होंगी।