अब चंडीगढ़ को ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाएगी रिंग रोड
सिटी ब्यूटीफुल को ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए इसके साथ लगने वाले पंजाब और हरियाणा के क्षेत्रों के लिए दक्षिणी रिंग रोड बनाई जाएगी। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की उच्च स्तरीय समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में इस संबंध में सहमति बन गई है।
इसके अलावा चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए एक वैकल्पिक मार्ग बनेगा। इसके लिए सर्वे करवाया जाएगा। यही नहीं पंचकूला सेक्टर-20 से पीरमुछल्ला के बीच पंजाब के क्षेत्र में आने वाली 700 मीटर की सड़क बनेगी। तीनों के बीच घग्गर नदी पर सेक्टर 25-26 के लिए पुल निर्माण पर भी सहमति बन गई है।
रिंग रोड बनने के बाद ट्राइसिटी की तस्वीर बदल जाएगी। चारों ओर से लगातार बढ़ रहे वाहनों का बोझ कम करने के लिए यह रास्ता निकाला गया है। इससे बाहर से आने वाले वाहन अपने गंतव्य पर शहर के अंदर जाम मेें फंसे बिना निकल जाएंगे। चंडीगढ़ में पंचकूला और मोहाली से आने वाला ट्रैफिक भी दिन-ब-दिन बढ़ रहा है।
ये रहे बैठक में शामिल
चंडीगढ़ क्षेत्र की समेकित योजना एवं विकास के संबंध में पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ की उच्च स्तरीय समिति की बैठक में ये फैसले लिए गए। बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव डीएस ढेसी, पंजाब के मुख्य सचिव करन अवतार सिंह, यूटी प्रशासक में सलाहकार परिमल राय के अलावा पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के बीच कनेक्टिविटी के मुद्दों पर भी बातचीत की गई।