राष्ट्रीयस्तर पर एक के बाद एक लग रहे घोटाले के आरोपों ने भाजपा में अंदरूनी कलह बढ़ा दी है। हालत यह हो गई है कि अब नेता आपस में लेटर बम दाग कर एक दूसरे की पोल खोल रहे हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार ने व्यापम घोटाले में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पर जो लेटर बम दागा था उसका जवाब पंजाब के भाजपा विधायक मनोरंजन कालिया ने ऐसे ही पत्र से दिया है।
कालिया की ओर से मीडिया के एक वर्ग को इस पत्र की प्रति भी व्हाट्सएप की गई है। पत्र में शांता कुमार की पोल पट्टी खोलने का दावा करते हुए उन पर कई आरोप लगाए गए हैं।
चुनाव के पैसे का हिसाब नहीं दिया: कालिया ने दो पेज के पत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता पर आरोप लगाया है कि शांता कुमार ने लोकसभा चुनाव में फंड न लेने की बात कही मगर पंजाब का प्रभारी रहते हुए खूब पैसा जमा किया। कालिया का दावा है कि इस फंड के बारे में उन्होंने शांता कुमार के दिल्ली निवास पर उनसे बात की थी मगर वह चुप्पी साध गए थे। मगर जब गलती से यह पैसा विजय सांपला के पास चला गया तो बाद में शांता कुमार ने इसे यह कहकर वापस मंगवाया कि यह पैसा सांपला के लिए नहीं बल्कि उनके लिए था।