खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री कर्णदेव कंबोज ने कहा कि यूपी की तर्ज पर हरियाणा में भी पेट्रोल पंपों पर चिप की जांच होगी। इसके लिए मंत्रिमंडल की बैठक में भी चर्चा की गई। कोयल काम्पलेक्स में एक सेमिनार में भाग लेने पहुंचे मंत्री ने मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में अगले दो माह में बीपीएल का नया सर्वेक्षण करवाया जाएगा। इससे जहां पात्र व्यक्ति बीपीएल सूची में शामिल होंगे, वहीं अपात्र लोगों के नाम सूची से हटाए जाएंगे। हरियाणा सरकार द्वारा सभी योजनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए लाभार्थियों के आधार लिंक किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सरकार के सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन के मामलों में आधार लिंक होने के बाद एक लाख 90 हजार पेंशन धारक फर्जी पाए गए हैं, जिससे सरकार का करोड़ों रुपये इस योजना में बचाने में मदद मिली है।
इसी प्रकार स्कूली बच्चों को छात्रवृत्ति व अन्य योजनाओं को आधार से लिंक करने के बाद 4 लाख दाखिले फर्जी पाए गए हैं। इस नई व्यवस्था से जहां भ्रष्टाचार को खत्म करने में मदद मिली है, वहीं पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस अवसर पर नगर परिषद के चेयरमैन यशपाल प्रजापति, जिला परिषद के उपाध्यक्ष मुनीष कठवाड़, भाजपा नेता राव सुरेंद्र सिंह, दीपक कथुरिया के अलावा विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी व जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।