जिसे चाहा सपनों में, जिसे मांगा दुआओं में
वो जब मिले तो ऐसे मिले, चुभने लगे निगाहों में
किसी शायर की ये पंक्तियां चंडीगढ़ में हुई मानसून की पहली बारिश पर एकदम सही साबित होती हैं।
भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोग बारिश का काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन पहली बारिश में ही बादल इतने बरसे कि सिटी ब्यूटीफुल को वाटरफुल बना डाला। जगह-जगह जलभराव हो गया। सड़कों में लंबा-लंबा जाम लग गया। कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही।
कई सेक्टरों में जलभराव हुआ
सिटी ब्यूटीफुल में मानसून की पहली बारिश लोगों को राहत देने के साथ परेशानी भी लाई। कई सेक्टरों में जलभराव हुआ। इसे निकालने के लिए फायर ब्रिगेड तक को बुलाना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी सेक्टर-38 के लोगों को हुई।
वहां दर्जनों घरों में पानी भर गया। कुछ घरों में तो बेड तक पानी में डूब गए। इस कारण उसमें रखा सामान खराब हो गया। जलभराव के कारण कई जगह तो फायर ब्रिगेड को बुलाना पड़ा। सेक्टर-21 और 37 में कई जगह पेड़ गिरने तक का समाचार है।
सेक्टर-38 सी के मकान नंबर 2570 निवासी डेमी ग्रोवर के घर में पानी भर गया। उन्होंने बताया कि इससे बेड, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित कई सामान खराब हो गया।
वहीं 2574 निवासी राकेश वर्मा का कहना था कि घर में पानी घुसने से उनके बच्चों की किताबें खराब हो गईं। 2579 के खुशीराम के बेड में पानी भर गया। 2608 निवासी जानकी लाल के घर में भी पानी भरने से उनका कई घरेलू सामान खराब हो गया।
जलभराव के कारण भी जाम लगा
बुधवार को मानसून की पहली बारिश ने ट्रैफिक पुलिस की सभी योजनाओं पर पानी फेर दिया। वाहन चालकों को सुबह 8 से 11 बजे तक जगह-जगह जाम का सामना करना पड़ा। सिटी में कई जगह जलभराव के कारण भी जाम लगा।
सरकारी कर्मचारी कार्यालय देरी से पहुंचे तो वहीं बाजार भी देरी से खुले। शहर के सभी प्रमुख मार्गों और सड़कों पर वाहनों की कतारें लग गईं। जाम के कारण हर चालक का सफर लंबा हो गया। हाउसिंग बोर्ड चौक से लेकर सेक्टर-26 तक जाम से निपटने में लोगों को एक-एक तक घंटा लग रहा था, जबकि कई प्वाइंट पर लाइटें बंद कर ट्रैफिक कर्मचारियों ने खुद मोर्चा संभाला।
इसके बावजूद हर प्वाइंट पर चालक को 10 से 15 मिनट का इंतजार करना पड़ा। मोहाली से आने वाले लोगों को भी सेक्टर-35, 34 और 32 के चौक पर लंबा जाम मिला। सेक्टर-22-23 से लेकर किसान भवन चौक तक वाहनों की कतारें लगी रही।