पिता नहीं होने के बाद, मुझे पता है...कैसे इंद्रजीत को तैयार किया है। जमीन बेची, जेवर बेचे। 16 साल तक इंद्रजीत ने दिन-रात एक किए।
जब वक्त आया तो क्या वो ये काम करेगा? ...इतना बेवकूफ नहीं है मेरा बेटा। वह निर्दोष है। उसके साथ बड़ी साजिश हुई है, पीएम से विनती है कि वे हस्तक्षेप करें। साजिश कर्ताओं को बेनकाब करें। डोप टेस्ट पॉजिटिव आने की खबरों के बाद एथलीट इंद्रजीत सिंह की माता दर्शन कौर का दर्द इन अल्फाज में छलका।
अमर उजाला से बातचीत में दर्शन कौर ने फफकते हुए कहा कि इंद्रजीत पानी तक अपने साथ लेकर चलता है। विशुद्ध शाकाहारी है। इधर-उधर की चीज खाने का सवाल ही नहीं है। यह सौ प्रतिशत साजिश है।
उन्होंने बताया कि 22 जुलाई की रात को उनके घर एक आदमी आया और सैंपल लेकर गया था। दर्शन कौर ने सवाल उठाया कि रास्ते में सैंपल बदल भी तो सकता है। इस मामले में तह तक जाने की जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से विनती है कि वे सही-गलत देश के सामने लाएं। अगर अब साजिश कर्ता बेनकाब नहीं किए गए तो देश के खेल को बड़ा नुकसान हो जाएगा। खिलाड़ी अपने देश के बजाय विदेश में खेलने को मजबूर होंगे।