चंडीगढ़। थिएटर फॉर थिएटर के रूबरू सेशन में रविवार को टैगोर थिएटर के मिनी ऑडिटोरियम में जाने माने गीतकार, वीडियो डायरेक्टर और अभिनेता सोनी ठुल्लेवाल ने अपने अनुभव साझे किए। सोनी ठुल्लेवाल ने बरनाला जिले के छोटे से गांव ठुल्लेवाल से उठकर पॉलीवुड और बॉलीवुड तक अलग पहचान बनाई है। अब तक बतौर गीतकार 100 से अधिक गीत विभिन्न गायकों की आवाज में रिकॉर्ड हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि उनका वास्तविक नाम संदीप सिंह है। उनका जीवन बचपन से ही संघर्षों से भरा रहा। तीन वर्ष की उम्र में ही उनके पिता का देहांत हो गया था। परिवार और पढ़ाई का खर्च चलाने के लिए उन्होंने पढ़ाई के साथ फोटोग्राफी का काम शुरू कर दिया। उनकी कलात्मक सोच और नयापन उन्हें जाने-माने गीतकार और अभिनेता राज काकड़ा की टीम तक ले गया। यह उन्होंने पहली बार फिल्म कौम दे हीरे में फोटोग्राफर के रूप में काम किया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने राज काकड़ा की फिल्म पत्ता पत्ता सिंहा दा वैरी, हरभजन मान की गद्दार, अमितोज मान की मोटर मित्रां दी, हरीश वर्मा की वापसी और गिप्पी ग्रेवाल की सूबेदार जोगिंदर सिंह जैसी फिल्मों में फोटोग्राफर और पोस्टर डिजाइनर के रूप में काम किया।