चंडीगढ़। आठ महीने बाद पियक्कड़ों पर नकेल कसने को चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस तैयार है। त्योहारी सीजन के मद्देनजर आला अधिकारियों ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों को रोकने के लिए ड्रक एंड ड्राइव के नाके शुरू कर दिए हैं।
ट्रैफिक पुलिस शुक्रवार से शहर के अलग-अलग हिस्सों मध्यमार्ग, दक्षिण मार्ग समेत साउथ जोन में नाके लगाकर ड्रंक एंड ड्राइव का नाका लगाकर पियक्कड़ों का चालान काटना शुरू कर देगी। पकड़े जाने पर वाहन चालक अल्कोहल मीटर में फूंक मारकर या खून की जांच करवाकर टेस्ट दे सकते हैं। त्योहार पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों को संख्या बढ़ जाती है। त्योहारी सीजन में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने नाके शुरू कर दिए हैं। मार्च में कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ने पर चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने ड्रक एंड ड्राइव के नाके बंद कर दिए थे। क्योंकि इसके लिए अल्कोहल मीटर को लोगों के मुंह में डालकर मानक से ज्यादा शराब पी है या नहीं, यह चेक किया जाता है। अब जैसे ही त्योहारी सीजन नजदीक आया है तो लोग पार्टी व मौज मस्ती करने के लिए घर से निकलेंगे। चूंकि अब पब व बार भी खुल चुके हैं। ऐसे में कोई आपराधिक गतिविधि न हो, इसलिए पुलिस ने ड्रक एंड ड्राइव के नाके भी शुरू कर दिए हैं। ज्यादातर पब व बार मध्यमार्ग पर हैं, इसलिए पुलिस यहां ड्रक एंड ड्राइव के नाके लगाती है। वहीं, पंजाब व हरियाणा जाने वाले लोगों की चेकिंग के लिए ट्रिब्यून चौक के पास पुलिस नाका लगाती है। शराब पीकर वाहन चलाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की जाती है। मानक से ज्यादा अल्कोहल लेने पर 6 माह की कैद, 10 हजार रुपये जुर्माना, गाड़ी इंपाउंड व ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने तक का प्रावधान है।