जाट आरक्षण आंदोलन की आग लगातार बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि राजधानी दिल्ली के बाद अब यूपी और राजस्थान से हरियाणा कट गया है। इन दोनो राज्यों को जाने वाले रास्ते पूरी तरह से जाम कर दिए गए है।
वहीं रोहतक से लिंक होकर चलने वाली पानीपत, भिवानी, जींद, रेवाड़ी सभी जगह की ट्रेन रद हो गई है और इससे राजस्थान जाने वाली ट्रेनों पर भी असर पड़ा है। इससे कई राज्यों के लोग सड़कों, रेलवे स्टेशनों व बस अड्डों पर फंस गए है। इनमें बच्चे भी शामिल होने से परेशानी ज्यादा बढ़ती दिख रही है और किसी तरह समय बिताया जा रहा है।
हरियाणा हर रोज ज्यादा कैद होता जा रहा है तो दूसरे राज्यों से कटने का सिलसिला भी रोजाना बढ़ रहा है। आरक्षण आंदोलन के कारण नेशनल हाइवे-10 को पहले दिन जाम किया गया था। लेकिन जिस तरह से यह आंदोलन बढ़ता जा रहा है और यह चौथे दिन में पहुंचा तो राजस्थान व यूपी भी हरियाणा से कटते चले गए।