स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के कार्यालय के बाहर सीआईडी कर्मी पकड़े जाने के बाद ऐलनाबाद के विधायक एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता अभय सिंह चौटाला ने भी कहा है कि सरकार उनकी जासूसी करवा रही है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को अपने मंत्री पर विश्वास नहीं है तो मंत्री से इस्तीफा ले लेना चाहिए।
चौटाला बृहस्पतिवार को डबवाली रोड स्थित अपने आवास पर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार में शामिल मंत्रियों व मुख्यमंत्री में आपसी विश्वास नहीं है। तभी मुख्यमंत्री अपने मंत्रियों की जासूसी करवाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार मेरी भी जासूसी करवा रही है।
उनके चंडीगढ़ स्थित आवास के बाहर सीआईडी वाले खडे़ रहते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने अपने विभाग कम किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि मुख्यमंत्री को और खरीदार मिल जाता तो उनका और विभाग भी चला जाता। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को अपने मंत्री पर विश्वास नहीं है तो मंत्री से तुरंत इस्तीफा ले लेना चाहिए। चौटाला ने आरोप लगाया किभाजपा सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है।
प्रदेश के किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी व छात्र वर्ग में असंतोष है और उन्हें हक के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पंचायत व जिला परिषदों के चुनाव में अपनी हार को देखते हुए समय पर चुनाव करवाने पर आनाकानी कर रही है जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए शुभ नहीं है।
किसानों की सबसे बड़ी दुश्मन है भाजपा
चौटाला ने भाजपा को किसानों का सबसे बड़ा दुश्मन बताते हुए कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री ने किसानों के विरुद्ध बयान देकर उनका अपमान किया है।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा की चुनावों से पूर्व भाजपा के नेता दिल्ली में धरने पर बैठे गेस्ट टीचरों व कंप्यूटर शिक्षकों से मुलाकात करके उन्हें पक्का करने का आश्वासन देते हैं लेकिन अब कोर्ट का बहाना बनाकर उन्हें बेरोजगार करने पर उतारू है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं का नारा देने वाली सरकार में नर्सों पर लाठीचार्ज करके उन पर झूठे मुकदमे बनाए गए जो एक इतिहास है।
इस मौके पर युवा नेता कर्ण चौटाला, विधायक मक्खन लाल सिंगला, विधायक रामचंद्र कंबोज, विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, पूर्व मंत्री भागी राम,जिला प्रेस प्रवक्ता तरसेम मिढ़ा आदि उपस्थित थे।