अनुपम खेर की फिल्म द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर पर सियासत गर्म है। खासकर पंजाब में इसको लेकर विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस विधायक राजकुमार वेरका ने फिल्म को लेकर जालंधर में एक बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने ईमानदार व देश के प्रसिद्ध अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह की छवि खराब करने के लिए एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर फिल्म तैयार की है, मैं जल्द ही फेंकू पीएम तैयार करूंगा। यह बात कांग्रेस के विधायक राजकुमार वेरका ने जालंधर में पत्रकारों से खास बातचीत में कही।
वेरका ने कहा कि भाजपा बेशक बदनाम करने के लिए फिल्म को तैयार कर चुनावों से ठीक पहले रिलीज करवा रही है लेकिन मैं अपनी फिल्म में पीएम को बदनाम नहीं करूंगा।
फिल्म के जरिए जनता को दिखाउंगा कि कैसे पीएम मोदी ने वादे किये थे, युवाओं को नौकरी के, व्यापारियों के साथ, किसानों के साथ गरीबों के साथ और किया क्या राफेल को रिलायंस को सौंप दिया।
राजीव गांधी के नाम पर कालिख लगाने के सवाल पर वेरका ने कहा कि अकाली दल के चेहरे पर खुद कालिख पोती जा चुकी है। जनता ने उनको आईना दिखा दिया है।
बरगाड़ी, बहिबल कलां में सिखों पर कैसे अत्याचार हुए, सब जनता के सामने है। जनता बार-बार उनको उपचुनाव से लेकर सारे चुनाव हरा चुकी है। इस घटिया राजनीति से अकाली दल को गुरेज करना चाहिए।
वेरका ने कहा कि फिल्म ‘एक्सीडेंट प्राइम मिनिस्टर’ में अनुपम खेर ने जिस तरह देश के पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह और कांग्रेस की चेयरपर्सन सोनिया गांधी पर व्यंग्य किया है, वह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि अनुपम खेर की यह फिल्म सीधे तौर पर कांग्रेस की छवि खराब करने के लिए बनाई गई है और जो भाजपा को खुश करने के लिए बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस तरह से लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं, उसे लेकर वे खुद एक पटकथा लिख रहे हैं और फिल्म की शूटिंग जनवरी-फरवरी में शुरू करेंगे।
वेरका ने कहा कि उनकी फिल्म ‘फेंकू प्राइम मिनिस्टर’ मोदी की असलियत और घोटालों को उजागर करेगी। गौरतलब है कि राजकुमार वेरका सियासी सक्रियता के बीच दिल परदेसी हो गया, सरबजीत समेत कई हिंदी औऱ पंजाबी फिल्में बना चुके हैं।