चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के शहर के एफिलिएटेड कॉलेजों में फर्स्ट ईयर के यूजी और पीजी कोर्सेज सत्र 2022 की दाखिला प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू होगी। पीयू की ओर से कॉलेजों के फर्स्ट ईयर को लेकर रिवाइज्ड अकादमिक शेड्यूल-2022 जारी किया गया है। इसके अनुसार 31 जुलाई तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी। एक अगस्त को कॉलेज खुलेगा।
अकादमिक कैलेंडर के अनुसार एक से लेकर 14 अगस्त तक 14 दिनों तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी। वहीं 16 अगस्त से 25 अगस्त तक नई कक्षाओं के लिए सामान्य दाखिला प्रक्रिया होगी। प्रिंसिपल की अनुमति के साथ एक हजार रुपए लेट फीस के साथ 26 अगस्त से 5 सितंबर तक देरी से दाखिला लेने का मौका मिल सकेगा। वहीं देरी से दाखिला पीयू वाइस चांसलर की अनुमति के साथ तीन हजार रुपए लेट फीस के साथ 6 सितंबर से 30 सितंबर के बीच करवाया जाएगा।
ऑनगोइंग कक्षाएं 16 अगस्त से होंगी शुरू
पीयू के एफिलिएटेड कॉलेजों में यूजी और पीजी कोर्सेज की ऑनगोइंग कक्षाएं 16 अगस्त से शुरू होंगी। अकादमिक टर्म-1 (ऑड सेमेस्टर) 16 अगस्त से लेकर 27 नवंबर तक 90 दिनों का होगा। वहीं सेमेस्टर परीक्षाएं 28 नवंबर से लेकर 31 दिसंबर तक 29 दिन चलेगी। सेमेस्टर छुट्टियां (सर्दी ब्रेक) एक जनवरी से लेकर 15 जनवरी तक 15 दिन चलेगी। अकादमिक टर्म -2 (ईवन सेमेस्टर) 16 जनवरी से लेकर 29 अप्रैल तक 90 दिनों का होगा। सेमेस्टर परीक्षाएं 2 मई से 3 जून तक 29 दिन चलेंगी। गर्मियों की छुट्टियां (टैनेटिव) 4 जून से 9 जुलाई तक 36 दिनों की होगी। प्रेक्टिकल परीक्षाएं हर सेमेस्टर अकादमिक टर्म के बीच में ही होगी।