चंडीगढ़। चंडीगढ़ प्रशासन में मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया। इस दौरान दो पीसीएस अधिकारियों अविकेश गुप्ता और बलबीर राज सिंह ने कार्यभार संभाला। इनके ज्वाइन करने के साथ ही कई पीसीएस और एचसीएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, दानिक्स अधिकारी अखिल कुमार को अतिरिक्त सचिव स्थापना, हाउस अलॉटमेंट कमेटी, फूड एंड सप्लाई और लीगल मेट्रोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं। वहीं अमित कुमार को को-ऑर्डिनेशन, होम/प्रोटोकॉल (जेल सहित), पर्यावरण एवं वन, कार्मिक और तकनीकी शिक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
एचसीएस अधिकारी प्रद्युम्न सिंह को एक्साइज एवं टैक्सेशन कमिश्नर-कम-डीसी (एक्साइज), निदेशक उद्योग, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, संयुक्त सचिव उद्योग और रेरा के सचिव सहित कई अहम विभाग दिए गए हैं। राधिका सिंह को उच्च शिक्षा, सामाजिक कल्याण, एससी-बीसी एवं अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम और चाइल्ड एंड वूमेन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का कार्यभार सौंपा गया है।
पीसीएस अधिकारी सौरभ कुमार अरोड़ा को निदेशक खेल, संयुक्त सचिव एक्साइज एवं टैक्सेशन, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी और निदेशक आयुष का अतिरिक्त प्रभार मिला है। वहीं नितिश सिंगला को स्कूल शिक्षा निदेशक, क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी, श्रम विभाग, राज्य परिवहन प्राधिकरण के सचिव और क्रेस्ट के सीईओ की जिम्मेदारी दी गई है। नए नियुक्त अविकेश गुप्ता को रजिस्ट्रेशन एवं लाइसेंसिंग अथॉरिटी, निदेशक परिवहन-कम-डिविजनल मैनेजर सीटीयू, संयुक्त सचिव ट्रांसपोर्ट, एस्टेट्स, आईटी निदेशक और शहरी योजना से जुड़े विभाग सौंपे गए हैं। बलबीर राज सिंह को संयुक्त आईजी जेल, मॉडल जेल अधीक्षक और नगर निगम में संयुक्त आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा पालिका अरोड़ा को तकनीकी शिक्षा, सहकारिता और जीएमसीएच से जुड़े प्रशासनिक कार्य दिए गए हैं। डॉ. इंदरजीत को नगर निगम में संयुक्त आयुक्त और स्मार्ट सिटी लिमिटेड में अतिरिक्त सीईओ नियुक्त किया गया है। पवित्र सिंह को एसडीएम (ईस्ट) और सहायक एस्टेट अधिकारी का प्रभार मिला है। नवीन को कृषि, पशुपालन, पर्यटन और सिटको का महाप्रबंधक बनाया गया है। खुशप्रीत कौर को एस्टेट, सीडीएम (सेंट्रल) और मार्केट कमेटी का कार्यभार दिया गया है जबकि राजीव तिवारी को जनसंपर्क निदेशक समेत अन्य जिम्मेदारियां दी गई हैं। हालांकि उनसे असिस्टेंट एस्टेट ऑफिसर का चार्ज वापस ले लिया गया है।