चंडीगढ़। शहर में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन ने वीरवार को 9 नए कंटेनमेंट जोन की घोषणा कर दी। इन इलाकों में अनिवार्य सेवाओं में लगे लोगों को छोड़कर अन्य किसी के भी जाने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा लोगों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
प्रशासन द्वारा घोषित गए नए कंटेनमेंट जोन में कई सेक्टरों के मकान शामिल हैं। इनमें सेक्टर-15 के मकान नंबर-281 और 284, सेक्टर-20 के मकान नंबर 346, 348, 350, 352 और 354, सेक्टर-37डी के मकान नंबर 3401 से 3409 तक, सेक्टर-38ए में 176 से 181, सेक्टर-40ए में 328 से 334, सेक्टर-42सी में 2323 से 2326, सेक्टर-45सी में 2163 से 2166, सेक्टर-46सी में 3208 से 3211 और सेक्टर-51ए में मकान नंबर-117 और 118 को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
आदेश में कहा गया है कि केंद्र सरकार के दिशा-निदेर्शों के अनुसार ही शहर में कंटेनमेंट जोन घोषित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार की तरफ से कोरोना वायरस को लेकर बनाए गए रेड जोन में चंडीगढ़ शामिल है। ऐसे में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए विभिन्न अधिकारियों की एक कमेटी ने कंटेनमेंट जोन बनाने का फैसला लिया है। आदेश में कहा गया है कि इस कमेटी में नगर निगम के कमिश्नर, डीसी, एसएसपी और स्वास्थ्य विभाग के निदेशक शामिल हैं। इनकी सलाह के बाद ही इन मकानों को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। आदेशों में कहा गया है कि कंटेनमेंट घोषित किए गए घरों में किसी के जाने पर पाबंदी होगी। साथ ही यहां पर लोगों की टेस्टिंग व स्क्रीनिंग की जाएगी।