Punjab And Haryana Highcourt Chandigarh
- फोटो : File Photo
यूटी पुलिस की महिला कांस्टेबल की करनाल लेकर हत्या करने के मामले में हरियाणा पुलिस की जांच की शैली पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकार को फटकार लगाते हुए एडीजीपी क्राईम शत्रुजीत कपूर को तलब करते हुए अगली सुनवाई पर कोर्ट में मौजूद रहने के आदेश दिए हैं। इस केस में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब हाईकोर्ट ने एडीजीपी क्राईम को हाईकोर्ट में तलब किया हो। मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च 2017 को होगी।
यूटी पुलिस में वर्ष 2011 में भर्ती हुई और 2014 में लापता हुई पानीपत के गांव चुलकाना निवासी 23 वर्षीय महिला कांस्टेबल रीटा गायब हो गई थी। इसके बाद उसकी हत्या की बात सामने आई थी और मामले में पुलिस की जांच को सवालों के घेरे में खड़ा करते हुए महिला कांस्टेबल के पिता ने सीबीआई जांच की अपील की थी। याची ने कहा कि जिस प्रकार इस मामले की जांच पुलिस ने की और जिस प्रकार इसे दबाने का प्रयास किया जा रहा है उससे उनका विश्वास हरियाणा पुलिस से उठ गया है। हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा करते हुए पुलिस को 2 माह में जांच पूरी करने के आदेश दिए थे।
इसके बाद से ही पुलिस एक्टिव होकर जांच कर रही थी। इसके बाद हरियाणा पुलिस ने यूटी पुलिस के ही एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया और दावा किया कि उसने हत्या की बात कबूल की है। इसके बाद से ही हाईकोर्ट ने जांच की निगरानी आरंभ की थी और जब हाईकोर्ट को पुलिस ने बताया कि वे हत्या का नहीं बल्कि हत्या के प्रयास का मामला बना चालान पेश कर रहें हैं तो हाईकोर्ट ने इसपर हरियाणा सरकार को फटकार लगाते हुए एडीजीपी क्राईम को तलब किया था। 8 सितंबर को एडीजीपी क्राईम को तलब किया था। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए बेस्ट ऑफिसर चुन कर एसआईटी बनाने की बात कोर्ट में कही थी।
अब मामला सुनवाई के लिए पहुंचा तो अभी तक रिपोर्ट न आने पर हरियाणा सरकार को फटकार लगाई। साथ ही अगली सुनवाई के दौरान एडीजीपी क्राईम को कोर्ट में हाजिर रहने के आदेश दिए हैं। हाईकोर्ट ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब तक इस मामले की जांच को पूरा कर चालान नहीं पेश किया जाता है तब तक एसआईटी से जुड़े किसी भी सदस्य को इससे अगल नहीं किया जाएगा।