अमृतसर। शुक्रवार को एडीए (अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी) और पुडा की टीम ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर (रेगुलेटरी) गुरसेवक सिंह औलख के नेतृत्व में टीम ने अमृतसर-अजनाला नेशनल हाईवे पर स्थित तहसील अमृतसर-2 के गांव हेर और तहसील अजनाला के गांव दलम में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया।
गुरसेवक सिंह औलख ने बताया कि भविष्य में हो रहे अवैध डेवलपमेंट पर काबू पाने के लिए सरकार की हिदायतों के मुताबिक इन कॉलोनियों को नोटिस जारी कर काम रुकवाया गया और तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि गांव दलम में कॉलोनाइजर ने एडीए ऑफिस में मंजूरी के लिए प्रस्तावित लेआउट के मुताबिक काम नहीं किया। कॉलोनाइजर द्वारा तय क्षेत्र से अधिक भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिस कारण मौके पर ही उसे तोड़ दिया गया।
अधिकारी ने कहा कि कॉलोनाइजर बिना मंजूरी के सरकारी नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, और उनकी इस कार्रवाई को सरकार की सख्त दिशा-निर्देशों के तहत रोका गया। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि भविष्य में अवैध कॉलोनियों की किसी भी कोशिश को बख्शा नहीं जाएगा। संवाद