चंडीगढ़। योग उत्सव-2022 की सफलता के लिए राजकीय योग शिक्षण व स्वास्थ्य महाविद्यालय सेक्टर 23-ए में रविवार से योग सत्र का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर पंजाबी व तमिल फिल्मों की अभिनेत्री समायरा संधू ने कॉलेज की छात्र-छात्राओं के साथ योग किया। संधू फिट इंडिया मुहिम में की आइकन भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में सफल होने के लिए मेहनत करनी ही पड़ती है। इस दौरान समायरा ने बच्चों को योग के टिप्स भी दिए।
कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सपना नंदा ने समायरा संधू का स्वागत किया। इसके बाद संधू ने ज्योति प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों ने योग प्रोटोकॉल के साथ सामूहिक अभ्यास किया। सनातन वैदिक मंत्रोचारण के साथ महाविद्यालय की छात्राओं ने संगीतमय एडवांस योग आसनों का भी प्रदर्शन किया, जिसमें समायरा संधू भी शामिल हुईं। संधू ने युवाओं से अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता, जोश व सकारात्मकता के लिए योगाभ्यास की अहम भूमिका होती है। संधू ने परस्पर वार्तालाप में प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में सामूहिक योग अभ्यास रोशन लाल के नेतृत्व में हुआ। मंच संचालन सर्घी कोहली ने किया, वहीं डॉ. महेंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।