अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों में भी टीकाकरण को लेकर उदासीनता है। अभी तक सिर्फ 16 फीसदी लोगों ने ही टीका लगवाया है। चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि यह चिंताजनक है कि स्वास्थ्यकर्मी टीके को लेकर गंभीर नहीं हैं। चंडीगढ़ में अभी तक दूसरी लहर नहीं आई है। ऐसे में लोगों को अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
चंडीगढ़ में कोरोना के 26 पॉजिटिव मिले
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शनिवार को कोरोना के 26 मरीजों की पुष्टि हुई है, जबकि सेक्टर 63 में रहने वाले 83 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं, 12 लोगों को स्वस्थ होने पर एकांतवास से छुट्टी दी गई। चंडीगढ़ में अब तक कोरोना के 21397 मरीज आ चुके हैं, जबकि 349 लोगों को मौत हुई है।
मोहाली में कोरोना से एक की मौत, 30 संक्रमित मिले
मोहाली में कोरोना से शनिवार को एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 30 लोग संक्रमित हुए हैं। अब जिले में कोरोना से हुई मौतों का आंकड़ा 382 पर पहुंच गया है। अब तक जिले में कुल 19926 कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इनमें से 19158 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं, वहीं 386 सक्रिय मामले हैं।
पंचकूला में 23 नए कोरोना संक्रमित मिले
पंचकूला में शनिवार को कोरोना के 23 नए संक्रमित मिले हैं। इसमें से 16 मामले पंचकूला के हैं, जिसमें आठ पुरुष और आठ महिलाएं शामिल हैं। पंचकूला में कोरोना से अब तक 148 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, कोरोना संक्रमण का रिकवरी रेट 97.78 फीसदी तक पहुंच चुका है।