मनीमाजरा। साले को कोरोना वैक्सीन लगवाकर घर लौटते समय रायपुर खुर्द की स्लिप रोड पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। इस हादसे में जीजा की मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था। मृतक की पहचान जीरकपुर निवासी पंकज कुमार (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। मौलीजागरां थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रॉली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जीरकपुर, ढकोली के दशमेश एनक्लेव निवासी धीरज कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जीजा के साथ वैक्सीन लगवाने गया था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रायपुर खुर्द की स्लिप रोड पर पहुंचे, तो एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिस कारण वे गिर गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों को पीजीआई में पहुंचाया, जहां पंकज कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। संवाद