चंडीगढ़। सेक्टर-31 स्थित जैपनीज गार्डन के पास तेज रफ्तार एक्टिवा एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक्टिवा चालक की मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि चालक के हेलमेट लगाने के बावजूद उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। मृतक की पहचान मौलीजागरां निवासी राजकुमार (40) के रूप में हुई है। सेक्टर-31 थाना पुलिस आसपास के लोगों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गई है।
हादसा वीरवार शाम करीब साढ़े 5 बजे का है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-31 स्थित जैपनीज गार्डन के पास एक पेड़ से टकराकर एक्टिवा चालक जख्मी हो गया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साथ ही बताया कि सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से मौत हुई है।
व्यक्ति की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ जिस पर उसका नाम राजकुमार निवासी मौलीजागरां लिखा है। अब पुलिस पते के आधार पर परिजनों को ढूंढ रही है। जांच में यह भी सामने आया कि एक्टिवा चालक सेक्टर-31 से पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था और जब वह जैपनीज गार्डन के पास पहुंचा तो हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां कोविड19 की रिपोर्ट के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।